Site icon The Mountain People

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने वोटर लिस्ट मिलान और ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा के दिए निर्देश

 

 

 

देहरादून: मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों, बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 2003 की मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं का वर्तमान मतदाता सूची में शत-प्रतिशत मिलान सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए एक विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि जो मतदाता अब अन्य स्थानों पर शिफ्ट हो चुके हैं, उनसे बीएलओ व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी स्थिति का सही कैटेगरी में मैपिंग करें, ताकि एसआईआर के दौरान किसी मतदाता को परेशानी न हो।

डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर बीएलए की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने “ईसीआई-नेट ऐप” पर ‘बुक अ कॉल विद बीएलओ’ सुविधा उपलब्ध कराई है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ से सीधे संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकते हैं।

बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, डिप्टी डीईओ देहरादून अभिनव शाह, डिप्टी डीईओ हरिद्वार फिंचाराम, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, राज्य स्वीप नोडल विनय कुमार सहित संबंधित जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

Exit mobile version