Site icon The Mountain People

राजभवन में रजत जयंती स्वल्पाहार कार्यक्रम में राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने किया पुस्तकों का विमोचन

 

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती अवसर पर शुक्रवार को राजभवन में स्वल्पाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्रियों, विधायकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने राज्य सूचना आयोग की दो पुस्तकों का विमोचन किया। पहली पुस्तक ‘सशक्त नागरिकः सफल लोकतंत्र’ उत्तराखंड में सूचना का अधिकार अधिनियम के 20 वर्ष पूरे होने पर प्रकाशित की गई है। इसमें पूर्व व वर्तमान मुख्य सूचना आयुक्तों, राज्य सूचना आयुक्तों, आयोग के अधिकारियों एवं प्रशासन अकादमी नैनीताल के संदेशों और लेखों का संकलन किया गया है। पुस्तक में आरटीआई अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु किए गए प्रारंभिक प्रयासों तथा आयोग की दो दशक की उपलब्धियों का सार प्रस्तुत किया गया है।

दूसरी पुस्तक एक ‘मार्गदर्शिका’ के रूप में प्रकाशित की गई है, जिसमें सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रावधानों को सरल और व्यावहारिक रूप में समझाया गया है, ताकि आम नागरिक इसे बेहतर ढंग से समझ सकें और उपयोग कर सकें।

कार्यक्रम में ओसी. हांडा द्वारा लिखित ‘हिस्ट्री ऑफ उत्तराखंड’ पुस्तक का भी विमोचन किया गया। यह पुस्तक उत्तराखंड के समृद्ध इतिहास, संस्कृति और लोक परंपराओं पर आधारित है। इसमें कत्यूरी, चंद और गढ़वाल राजवंशों से लेकर आधुनिक उत्तराखंड तक की यात्रा का वर्णन किया गया है। लोककथाओं पर आधारित यह कृति देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत से पाठकों को गहराई से जोड़ती है।

 
 
Exit mobile version