Site icon The Mountain People

कैंचीधाम गोलीकांड: होटल स्वामी ने पुलिस के सामने किया सरेंडर, टैक्सी चालक की मौत से फैली सनसनी

photo- loeloxojb

 

 

 

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में कैंचीधाम के पास हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हत्या के आरोप में नामजद होटल स्वामी ने रविवार को भवाली कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

गौरतलब है कि शुक्रवार देर रात कैंचीधाम के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में गोली लगने से 36 वर्षीय टैक्सी चालक आनंद सिंह की मौत हो गई थी। मृतक बेतालघाट ब्लॉक के गडखेत गांव का रहने वाला था।

मृतक के भाई घनश्याम सिंह ने होटल स्वामी रमेश किरौला पर हत्या का आरोप लगाते हुए भवाली कोतवाली में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया।

शुक्रवार रात हुई इस घटना में बताया जा रहा है कि होटल स्वामी रमेश किरौला की रिवाल्वर से चली गोली ने आनंद सिंह की जान ले ली। सूचना पर पहुंची भवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया था। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।

मृतक के छोटे भाई की अनुपस्थिति के कारण रविवार को उसकी मौजूदगी में शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीम का गठन कर दिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version