देहरादून: उत्तराखण्ड में डिजिटल इंडिया मिशन को नई उड़ान देने के लिए एन.आई.सी. उत्तराखण्ड ने एक और कदम आगे बढ़ाया है। शुक्रवार को मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने एन.आई.सी. का प्रथम त्रैमासिक न्यूज़लेटर ‘द डिजिटल थ्रेड’ जारी किया।
विमोचन अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि ‘द डिजिटल थ्रेड’ न केवल राज्य की डिजिटल प्रगति का दस्तावेज होगा, बल्कि यह शासन, तकनीक और नागरिकों के बीच एक मजबूत पुल की तरह कार्य करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस न्यूज़लेटर के माध्यम से आम जनता को राज्य में चल रही तकनीकी पहलों, सफल परियोजनाओं और नवाचारों की जानकारी सहज रूप से मिलेगी।
राज्य सूचना विज्ञान अधिकारी संजय गुप्ता ने बताया कि एन.आई.सी. उत्तराखण्ड लगातार ई-गवर्नेंस और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में कार्यरत है। उन्होंने कहा कि ‘द डिजिटल थ्रेड’ इस दिशा में एक प्रेरणादायक पहल है, जो विभिन्न जिलों में हो रहे डिजिटल प्रयासों को एक साझा मंच पर लाएगा।
कार्यक्रम में ए.एस.आई.ओ. (जिला) राजीव जोशी, संयुक्त निदेशक (आई.टी.) चंचल गोयल, शिवानी गोठी, रोहित चंद्रा, उप निदेशक (आई.टी.) प्रीति जोशी एवं अनुज धनगर उपस्थित रहे।

