Site icon The Mountain People

लक्सर में दो मगरमच्छों की एंट्री, लोगों में दहशत; वन विभाग ने किया रेस्क्यू

 

 

 

लक्सर: हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में लगातार मगरमच्छों के दिखने से लोगों की सांसें अटकी हुई हैं। बीते दो दिनों में दो अलग-अलग जगहों पर मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीण दहशत में आ गए। हालांकि, वन विभाग की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों मगरमच्छों को सुरक्षित पकड़कर उनके वास स्थल पर छोड़ दिया।

कश्यप कॉलोनी में आधी रात दिखा मगरमच्छ

18 सितंबर की रात करीब 12:40 बजे जियो पेट्रोल पंप के पास स्थित कश्यप कॉलोनी में मगरमच्छ दिखाई दिया। अंधेरे में अचानक मगरमच्छ को देखकर लोग सहम गए और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। टीम ने ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी देर बाद मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा।

महाराजपुर कला में घर के पास मिला विशालकाय मगरमच्छ

19 सितंबर को दोपहर के समय महाराजपुर कला गांव में जसवीर सिंह के घर के पास एक विशालकाय मगरमच्छ निकल आया। ग्रामीणों को भनक लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर घंटों की मेहनत के बाद मगरमच्छ को काबू में कर लिया और उसे उसके प्राकृतिक वास स्थल पर छोड़ा।

लगातार घटनाओं से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लक्सर क्षेत्र में लगातार मगरमच्छ देखे जा रहे हैं। कभी खेतों में, तो कभी आबादी के नजदीक। ऐसे में लोगों में बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर खासा डर है।

वन विभाग का बयान

वनाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा,

“नदी किनारे बसे इलाकों में मगरमच्छों का दिखना सामान्य है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यदि किसी क्षेत्र में मगरमच्छ दिखे तो तत्काल विभाग को सूचना दें। टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू करेगी।”

पहले भी हो चुके हादसे

लगातार बारिश से तालाब और नदियां लबालब होने के कारण जलीय जीव आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। इससे पहले मुंडा खेड़ा कला गांव में आधी रात को एक मगरमच्छ ग्रामीण के घर में घुस गया था। वहीं, एक अन्य घटना में तालाब से निकले मगरमच्छ ने शौच के लिए गए ग्रामीण पर हमला कर दिया था, जिसमें उसका हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

Exit mobile version