Site icon The Mountain People

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर CM धामी का बड़ा ऐलान: परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि बढ़ाकर ₹1.5 करोड़ की

 

 

 

देहरादून: कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के वीर सपूतों को सम्मान देने की ऐतिहासिक पहल करते हुए एक बड़ा ऐलान किया है। अब परमवीर चक्र से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली अनुग्रह राशि ₹50 लाख से बढ़ाकर सीधे ₹1.5 करोड़ कर दी गई है। इसके अतिरिक्त उन्हें हर वर्ष ₹3 लाख की वार्षिक सहायता राशि भी प्रदान की जाएगी।

यह घोषणा खटीमा में आयोजित सैनिक सम्मान समारोह के दौरान की गई, जो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पिता स्वर्गीय सूबेदार शेर सिंह धामी की पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया था। सैनिक कल्याण विभाग द्वारा प्रस्ताव भेजे जाने के बाद मुख्यमंत्री ने इस पर तुरंत सहमति प्रदान की।

अनुग्रह राशि में हुआ ऐतिहासिक इजाफा

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सीमाएं हमारे वीर सैनिकों की वजह से सुरक्षित हैं। उनका जीवन अनुशासन, त्याग और सेवा की प्रेरणास्रोत है। उत्तराखंड न केवल देवभूमि, बल्कि वीरभूमि भी है, जिसने देश को अनेकों वीर योद्धा दिए हैं। राज्य सरकार उनके कल्याण के लिए लगातार ठोस निर्णय ले रही है।”

कारगिल विजय दिवस की पृष्ठभूमि

भारत और पाकिस्तान के बीच 1999 में हुए कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। 26 जुलाई को हर साल कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है, जब भारतीय सेना ने पाकिस्तानी घुसपैठियों को खदेड़कर दुर्गम चोटियों पर फतह हासिल की थी।

मुख्यमंत्री धामी की यह घोषणा केवल एक वित्तीय निर्णय नहीं, बल्कि उत्तराखंड के वीर जवानों और उनके परिवारों के प्रति राज्य का सम्मान और आभार व्यक्त करने की अभूतपूर्व पहल है।

Exit mobile version