TMP: भाषा विवाद के बीच आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने हिंदी को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि “तेलुगु मां है, तो हिंदी हमारी मौसी है।” उन्होंने राष्ट्रीय एकता और आर्थिक समृद्धि, खासकर फिल्म उद्योग में हिंदी की भूमिका की वकालत करते हुए कहा कि हिंदी भारत के विविध हिस्सों को जोड़ने का माध्यम है।
हिंदी सीखना क्षेत्रीय पहचान के लिए खतरा नहीं
हैदराबाद में राजभाषा विभाग के “दक्षिण संवाद” स्वर्ण जयंती समारोह में बोलते हुए पवन कल्याण ने कहा कि “हिंदी सीखने से किसी की क्षेत्रीय पहचान कमजोर नहीं होती, बल्कि यह अवसर बढ़ाने का माध्यम है।” उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं का अपना महत्व है, लेकिन हिंदी पूरे देश में एक साझा भाषाई सूत्र का काम करती है।
“हिंदी भारत को जोड़ती है”
पवन कल्याण ने कहा कि हिंदी भाषा “भारत को जोड़ती है” और फिल्म उद्योग में रोजगार और अवसरों को बढ़ाने में इसका बड़ा योगदान है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि हिंदी को बोझ न समझें बल्कि इसे सीखकर देश की एकता और विकास में योगदान दें।

