देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक के दौरान रुद्रपुर में प्रस्तावित ₹1 लाख करोड़ की ग्राउंडिंग सेरेमनी के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों को समयबद्ध और समन्वित तैयारियों के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम भव्य, प्रभावशाली और उत्तराखंड के औद्योगिक भविष्य को परिभाषित करने वाला होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भव्य आयोजन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल निवेशकों का भरोसा मजबूत करना है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलना भी है।
उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में राज्य को ₹3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे, जिनमें से ₹1 लाख करोड़ की ग्राउंडिंग पूरी हो चुकी है। यह राज्य की औद्योगिक संभावनाओं और निवेश-अनुकूल नीतियों में निवेशकों के गहरे विश्वास को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन स्थानीय उद्यमिता, आर्थिक समृद्धि और औद्योगिक तेज़ी के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों को समय पर, उच्च गुणवत्ता के साथ और पूर्ण समर्पण के साथ अंजाम दिया जाए, ताकि उत्तराखंड की सकारात्मक छवि और निवेश-अनुकूल वातावरण को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर और मजबूती मिले।

