Site icon The Mountain People

देहरादून समेत चार जिलों में मूसलधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और देहरादून समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी सोमवार और मंगलवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रविवार को भी देहरादून शहर में घने बादल छाए रहे और राजपुर, सहस्रधारा रोड, मालसी, हाथीबड़कला जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की गईं। बारिश के चलते तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन भूस्खलन और जलभराव की आशंका भी बढ़ गई है।

पहाड़ों में झमाझम बारिश, अलर्ट पर प्रशासन

कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में रविवार को झमाझम बारिश हुई, जिससे सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में जेसीबी और राहत टीमें तैनात कर दी गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन, तो मैदानी और निचले क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है। लोगों को यात्रा से पहले मौसम अपडेट चेक करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के पास न जाएं। पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे यात्रियों से सावधानी बरतने और आवश्यकतानुसार यात्रा टालने की सलाह दी गई है।

Exit mobile version