काशी में मुख्यमंत्री धामी ने की बाबा विश्वनाथ की पूजा, उत्तराखंड की समृद्धि और सुख-शांति की कामना
The Mountain People
TMP : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को विश्वप्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली, समृद्धि और सतत विकास की कामना की। 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रतिष्ठित बाबा विश्वनाथ के दरबार में मुख्यमंत्री की यह उपस्थिति न केवल उनके आध्यात्मिक पक्ष को दर्शाती है, बल्कि उत्तराखंड और काशी के गहरे धार्मिक-सांस्कृतिक संबंधों को भी नया आयाम देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “उत्तराखंड देवभूमि है और काशी जैसे तीर्थों से जुड़ाव हमारी आध्यात्मिक विरासत को और भी मजबूत करता है।” उन्होंने इस अवसर पर यह विश्वास जताया कि राज्यवासियों की प्रार्थनाओं को बाबा विश्वनाथ अवश्य स्वीकार करेंगे।
मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने भी बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर प्रदेश की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक अनुभव जनसेवा के संकल्प को नई ऊर्जा देते हैं और आत्मिक बल प्रदान करते हैं।
मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही। स्थानीय श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में भी उनके दर्शन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
यह दौरा मुख्यमंत्री के व्यक्तिगत आस्था का तो परिचायक रहा ही, साथ ही यह उत्तराखंड की आध्यात्मिक पहचान को राष्ट्रीय मंच पर और अधिक सुदृढ़ करने वाला कदम भी साबित हुआ। बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से देवभूमि उत्तराखंड के विकास पथ पर और तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।