Site icon The Mountain People

देहरादून में 5 जून से शुरू होगा अनोखा बूथ ग्रीन मिशन, हर पोलिंग बूथ पर लगेगा हरियाली का मतदान”

 

 



देहरादून: पर्यावरण संरक्षण और मतदाता जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए देहरादून जिला निर्वाचन कार्यालय एक अनोखी पहल की ओर बढ़ चला है। 5 जून अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस से लेकर हरेला पर्व (जुलाई माह) तक जिले के सभी 1882 पोलिंग बूथों पर वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।

इस अभिनव पहल का उद्देश्य न केवल हरियाली बढ़ाना है, बल्कि लोगों को मतदान की अहमियत से भी जोड़ना है। “बूथ भी हरा, लोकतंत्र भी मजबूत”—इसी सोच के साथ इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।

हर बूथ पर 10 पौधे, हर वर्ग की भागीदारी अनिवार्य

जिला निर्वाचन अधिकारी सविन बंसल के निर्देशानुसार, प्रत्येक पोलिंग बूथ पर न्यूनतम 10 पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही पौधरोपण कार्यक्रम को जन-भागीदारी से जोड़ते हुए प्रत्येक बूथ पर 30% नए मतदाता, 30% बुजुर्ग, 30% महिलाएं और 10% अन्य मतदाताओं की सहभागिता को अनिवार्य किया गया है।

सिर्फ पौधा नहीं, जिम्मेदारी भी

इस अभियान की खास बात यह है कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। इसके लिए प्रशासन स्तर पर निगरानी तंत्र सक्रिय रहेगा।

SDM, EROs और विभागीय प्रमुखों को मिले निर्देश

उप जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सभी एसडीएम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROs) और विभागाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में पोलिंग बूथों की पहचान कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Exit mobile version