मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान के घर पर बीती रात हुई खौफनाक घटना ने सभी को दहला दिया। बांद्रा स्थित उनके फ्लैट में एक घुसपैठिए ने चोरी के इरादे से घुसकर सैफ पर चाकू से हमला किया। हमलावर ने अभिनेता पर चाकू से 6 वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी के बाद अब हालत स्थिर बताई जा रही है।
हमलावर की पहली तस्वीर आई सामने
सीसीटीवी फुटेज में हमलावर की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह रात 2:33 बजे फ्लैट की फायर एग्जिट सीढ़ियों से नीचे भागता नजर आ रहा है। तस्वीर में वह सीसीटीवी कैमरे की तरफ देखते हुए दिखा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेला था या उसके साथ कोई और भी शामिल था।


https://x.com/ANI/status/1879861779427393585
कैसे घुसा घुसपैठिया?
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की नीयत से फायर एग्जिट के जरिए 12वीं मंजिल तक पहुंचा। वारदात को अंजाम देकर वह उसी रास्ते से भाग निकला। सैफ अली खान अपने परिवार के साथ इसी मंजिल पर रहते हैं।
मुंबई में सुरक्षा पर सवाल, CM का बयान
घटना के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “यह घटना गंभीर है, लेकिन मुंबई को असुरक्षित कहना गलत होगा। सरकार सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।”
सैफ की हालत अब स्थिर
हमले में सैफ की पीठ पर गहरे जख्म हुए, और चाकू निकालने के लिए सर्जरी करनी पड़ी। डॉक्टर्स का कहना है कि अब वह खतरे से बाहर हैं।
बॉलीवुड में सनसनी
इस घटना से बॉलीवुड में हड़कंप मच गया है। कई सेलेब्रिटीज ने इस हमले की निंदा की है और मुंबई पुलिस से जल्द आरोपी को पकड़ने की मांग की है।
क्या मुंबई की सुरक्षा सवालों के घेरे में है?
इस घटना ने हाई-प्रोफाइल सेलेब्रिटीज की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान की जा रही है, और पुलिस जल्द से जल्द इस मामले को सुलझाने का दावा कर रही है।
सैफ के फैंस और परिवार ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस घटना ने मुंबई की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ी बहस छेड़ दी है।