Site icon The Mountain People

उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में उछाल: जीएसडीपी में 1.3 गुना वृद्धि, प्रति व्यक्ति आय में 26% इजाफा

 

 

देहरादून :उत्तराखंड सरकार की आर्थिक नीतियों और योजनाओं ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान किया है। बुधवार को सचिव डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम ने एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि राज्य की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में पिछले 20 महीनों में 1.3 गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2022 में राज्य ने आगामी पांच वर्षों में जीएसडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य रखा था, जिसमें उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।

प्रति व्यक्ति आय में हुआ बड़ा उछाल

राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी तेजी से वृद्धि देखी गई है। 2021-22 में प्रति व्यक्ति आय जहां ₹2,05,000 थी, वहीं 2023-24 में यह बढ़कर ₹2,60,000 हो गई है, जो कि 26% की वृद्धि है। राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रति व्यक्ति आय में 20% की वृद्धि हुई है, लेकिन उत्तराखंड इस मामले में राष्ट्रीय औसत से आगे रहा है।

लेबर फोर्स और वर्क पॉपुलेशन रेशियो में बढ़ोतरी

डॉ. मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि राज्य में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट 43.7% से बढ़कर 49% हो गया है, जबकि वर्क पॉपुलेशन रेशियो 37.5% से 44.2% तक पहुंच गया है। 15 से 59 आयु वर्ग में भी रोजगार में भागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।

महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

महिलाओं की वर्क पॉपुलेशन रेशियो में भी खासा उछाल आया है। 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग में यह रेशियो 26.1% से बढ़कर 32.4% हुआ है, जबकि 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में यह 37% से 43.7% तक पहुंच गया है। लखपति दीदी योजना और महिला स्वयं सहायता समूहों को मिले प्रोत्साहन से महिलाओं की भागीदारी में सुधार हुआ है।

बेरोजगारी दर में कमी

राज्य में बेरोजगारी दर में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। 2022-23 में जहां यह दर 14.2% थी, वहीं 2023-24 में घटकर 9.8% रह गई है। यह 4.4% की कमी को दर्शाता है। राज्य सरकार की नई नीतियों और स्वरोजगार योजनाओं ने रोजगार के अवसरों को बढ़ावा दिया है, जिससे जीएसडीपी में भी वृद्धि हुई है।

पर्यटन और सरकारी नौकरियों में बढ़े अवसर

राज्य में पर्यटन और विनिर्माण क्षेत्र के साथ-साथ सरकारी नौकरियों में भी लोगों को अधिक रोजगार मिल रहा है। उत्तराखंड सरकार द्वारा रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के कार्यक्रमों से लोगों को नए अवसर मिले हैं।

Exit mobile version